यमुनानगर:फौजी की पत्नी की हत्या का रहस्य बरकरार, मुख्य आरोपी जेल में, साथी अब भी फरार
यमुनानगर, 23 फ़रवरी (हि.स.)यमुनानगर के थाना छप्पर क्षेत्र के गांव भंभोल में सेना के एक हवलदार की पत्नी मोनिका की गला रेतकर की गई हत्या का मामला दस दिन बाद भी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में भतीजे योगराज को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि उसका कथित सहयोगी अभी तक गिरफ्त से बाहर है। फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
यह वारदात 14 फरवरी की रात उस समय हुई जब 34 वर्षीय मोनिका अपने मायके में कमरे में सो रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हमलावर दीवार फांदकर घर में घुसे और धारदार हथियार से गले पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल के समीप नाली से बरामद चाकू को हत्या में प्रयुक्त हथियार माना जा रहा है। फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। मृतका की मां कांता देवी की शिकायत पर पुलिस ने योगराज और उसके एक साथी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से रिमांड के दौरान पूछताछ में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। आरोपी ने दावा किया कि पारिवारिक मामलों में हस्तक्षेप को लेकर उसके मन में नाराजगी थी। हालांकि जांच को नया मोड़ उस व्हाट्सएप कॉल ने दिया है, जो घटना के बाद आरोपी और मृतका के पति जसबीर सिंह के बीच हुई थी। देर रात हुई इस संक्षिप्त बातचीत की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। जांच टीम मृतका के पति से भी कई दौर की पूछताछ कर चुकी है। वहीं परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं, जिनकी भी जांच की जा रही है। मोनिका पिता के निधन के बाद अपनी वृद्ध मां के साथ रह रही थी और उसका सात वर्षीय बेटा भी वहीं रहता था। घटना के समय उसके पति की ड्यूटी जम्मू-कश्मीर में थी। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किए जाने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

