आर्मी अधिकारी से मारपीट मामले में दो आरोपित गिरफ्तार, मर्सिडीज कार जब्त
नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण पश्चिम जिले में आर्मी अधिकारी के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपित उस लग्जरी कार में सवार थे, जिसका इस्तेमाल वारदात के दौरान किया गया था। पुलिस ने आरोपितों की मर्सिडीज कार भी जब्त कर ली है और मामले की गहन जांच जारी है।
दक्षिण पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मह्रम नगर निवासी सतेंद्र उर्फ सोनू (49) और संजय शर्मा (56) के रूप में हुई है। सतेंद्र उर्फ सोनू एक निजी कंपनी चौधरी एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का डायरेक्टर है, जो चार्टर्ड फ्लाइट, कार्गो फ्लाइट और एयरक्राफ्ट की खरीद-फरोख्त से जुड़ा कारोबार करता है। वहीं संजय शर्मा मह्रम नगर इलाके में स्थित “पंडित जी ढाबा” का संचालन करता है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित घटना के समय उसी मर्सिडीज कार में मौजूद थे, जिससे आर्मी अधिकारी के साथ मारपीट की गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों को ट्रेस कर दबोच लिया। जांच में सामने आया है कि वारदात के दौरान कार का इस्तेमाल न केवल मौके पर पहुंचने के लिए किया गया, बल्कि घटना के बाद आरोपित उसी वाहन से फरार भी हो गए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उस मर्सिडीज कार को भी जब्त कर लिया है, जिसे अब मामले में अहम साक्ष्य माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपितों से घटना के कारणों और उनकी भूमिका को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। घटना के पीछे की असल वजह, विवाद की प्रकृति और पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट करने के लिए सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे किसी भी पृष्ठभूमि से क्यों न हों। इस मामले में भी निष्पक्ष जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, दोनों आरोपित पुलिस हिरासत में हैं और जल्द ही उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

