खुर्माबाद में अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 30 जिंदा कारतूस के साथ तीन गिरफ्तार
सीवान, 24 जून (हि.स.)।
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) एवं जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियार और कारतूस तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 30 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि 23 जून की रात एसटीएफ टीम एवं जिला आसूचना इकाई को गुप्त सूचना मिली थी कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के खुर्माबाद गांव में कुछ लोग अवैध हथियार एवं कारतूस की खरीद-बिक्री में संलिप्त हैं। सूचना के सत्यापन के बाद एसटीएफ, जिला आसूचना इकाई और मुफ्फसिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान खुर्माबाद निवासी अनुराग कुमार के घर की तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में उसके घर से 30 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। मौके से अनुराग कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि कारतूस अवैध बिक्री के उद्देश्य से रखे गए थे तथा इस धंधे में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है।
एसपी ने बताया कि अनुराग कुमार की निशानदेही पर दो अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हबीबनगर निवासी मिक्की कुमार उर्फ गोलू सिंह तथा गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के टड़वा निवासी मंजीत सिंह शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ मुफ्फसिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
मामले में यह पता लगाया जा रहा है कि कारतूस कहां से लाए गए थे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध हथियार और कारतूस के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

