मालदा में हथियार तस्करी नाकाम, दो गिरफ्तार
मालदा, 15 मई (हि. स.)। जिले में एक बार फिर बड़े हथियार तस्करी के प्रयास को कालियाचक थाने की पुलिस ने नाकाम कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तस्करी से पहले ही दो कुख्यात तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मंगल मंडल (27) और सुजन मंडल (20) के रूप में हुई है। मंगल इंग्लिशबाजार के गौड़ इलाके का निवासी है, जबकि सुजन कालियाचक के उमाकांतटोला का रहने वाला है। शुक्रवार को मालदा के पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह ने पत्रकार सम्मेलन कर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि ये हथियार बिहार से लाए गए थे। शुक्रवार को दोनों आरोपितों को मालदा जिला अदालत में पेश किया गया। जहां सात दिन की पुलिस हिरासत की मांग की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार शाम कालियाचक थाने की पुलिस को सूचना मिली थी कि शाहबाजपुर से शारदा की ओर एक मोटरसाइकिल पर बड़ी मात्रा में हथियार ले जाए जा रहे है। सूचना पाकर पुलिस की एक विशेष टीम ने शारदा इलाके में घेराबंदी कर दी। संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी लेने पर जांचकर्ताओं के होश उड़ गए। दोनों युवकों के पास से कुल चार पाइपगन बरामद किए गए। हालांकि उनके पास से कोई कारतूस या जिंदा गोली नहीं मिली।
पुलिस यह जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह तो नहीं है। साथ ही आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ये हथियार किसे और कहां भेजे जाने थे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

