home page

होटल की आड़ में हथियार बेचने वाला गिरफ्तार, देशी कट्टा और कारतूस बरामद

 | 
होटल की आड़ में हथियार बेचने वाला गिरफ्तार, देशी कट्टा और कारतूस बरामद


कटिहार, 20 अगस्त (हि.स.)। जिले की बरारी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बलुआ बाजार में होटल की आड़ में अवैध हथियार की खरीद-बिक्री करने वाले एक अपराधकर्मी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की दुकान से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, 19 अगस्त की शाम गश्ती के दौरान बरारी थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि बलुआ बाजार स्थित एक होटल की आड़ में हथियार का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना के सत्यापन और छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति तेजी से भागने लगा, जिसे जवानों ने घेराबंदी कर दबोच लिया। दुकान की तलाशी लेने पर वहां से अवैध आग्नेयास्त्र और कारतूस बरामद हुए।

पकड़े गए अभियुक्त की पहचान बलुआ बाजार निवासी 38 वर्षीय रंजीत कुमार चौधरी (पिता- स्वर्गीय राजेन्द्र चौधरी) के रूप में हुई है। बरारी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी के खिलाफ अग्रतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह