home page

खंडहर में चल रही असलहा फैक्ट्री पकड़ी, पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े तार

 | 
खंडहर में चल रही असलहा फैक्ट्री पकड़ी, पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े तार


बरेली, 15 नवंबर (हि.स.) । बहेड़ी क्षेत्र में खंडहर के अंदर चल रही अवैध असलहा फैक्ट्री का एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम ने भंडाफोड़ किया है। शनिवार देर रात छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से रायफल, पिस्टल, तमंचा, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। जांच में एक आरोपी के पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर के संपर्क में होने की बात सामने आई है। रविवार को पुलिस लाइन में एसएसपी अनुराग आर्य ने प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा किया।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा और बहेड़ी पुलिस को सूचना मिली कि बरेली-बहेड़ी मार्ग पर गन्ना उत्पादक महाविद्यालय से पहले सड़क किनारे स्थित खंडहर में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं। पुलिस टीम ने रात करीब 1:35 बजे घेराबंदी कर छापा मारा और चार आरोपियों को हथियार बनाते हुए पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में बहेड़ी के सुखराज सिंह (19), शानू मियां (29), रामपुर के जीवनदीप सिंह (24) और पीलीभीत के जसनूर सिंह (30) शामिल हैं।

पुलिस जांच में सुखराज सिंह के मोबाइल से पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर से संपर्क के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत हुई थी। कई चैट डिलीट मिली हैं। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर संपर्कों की वास्तविक भूमिका पता कर रही है।

पूछताछ में इशरत पहलवान का नाम भी सामने आया है, जो पूर्व में हथियार तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। आरोपियों ने उससे असलहा लेने की बात बताई है। फरार दोनों आरोपी भी उससे जुड़े बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, नौ एमएम की पिस्टल, 315 बोर की रायफल, 12 बोर की दो अधबनी नाल, शिकंजा मशीन, हथियार बनाने के उपकरण और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

बहेड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस हथियारों की सप्लाई और कथित पाकिस्तानी संपर्कों की जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार