पुलिस हिरासत से फरार हुआ आर्म्स एक्ट का आरोपित
भागलपुर, 26 सितंबर (हि.स.)।
जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदपुर घाट पर शनिवार को पुलिस कस्टडी से एक शातिर अपराधी के फरार होने का एक बेहद चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है।
आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपी संतोष यादव पुलिस को चकमा देकर एक सिपाही को घसीटते हुए उफनती चांदन नदी की तेज धार में कूद गया। नदी की तेज लहरों के बीच सिपाही ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई और बाहर निकल आया, लेकिन आरोपी संतोष यादव नदी के तेज बहाव में लापता हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
बताया जा रहा है कि जगदीशपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहदीपुर गांव निवासी संतोष यादव किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हथियार के साथ चांदन नदी के पास घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम सादे लिबास में मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संतोष यादव को एक देसी मस्कट (कट्टा) और कारतूस के साथ रंगे हाथों दबोच लिया।
हथियार जब्त करने के बाद पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर सैदपुर घाट स्थित चचरी पुल के रास्ते थाने की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान आरोपी संतोष यादव ने पुलिस की पकड़ से छूटने के लिए पूरी ताकत लगा दी और खुद को पकड़कर रख रहे सिपाही को साथ लेकर देखते ही देखते चांदन नदी की तेज धार में छलांग लगा दी।
अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बहाव तेज होने के बावजूद सिपाही हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह सुरक्षित बाहर आ गया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की भनक लगते ही आरोपी संतोष यादव के परिजन भी भारी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए। परिजनों ने मौके पर मौजूद पुलिस टीम पर संतोष को नदी में धक्का देने का भी आरोप लगाया है, जिससे घटनास्थल पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया है।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी तेज बहाव में तैरकर नदी के दूसरी ओर निकल गया है और वहां से भागने में सफल रहा। फिलहाल, पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी के अलग-अलग घाटों और तटीय इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है। इसके साथ ही, लापरवाही के बिंदुओं को ध्यान में रखकर विभागीय स्तर पर मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

