home page

बसंतपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान से 25 लाख की लूट, हथियार के बल पर अपराधियों का तांडव

 | 
बसंतपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान से 25 लाख की लूट, हथियार के बल पर अपराधियों का तांडव


सीवान, 09 मार्च (हि.स.)। सीवान जिले के बसंतपुर बाजार में सोमवार को दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। थाना रोड स्थित अरुण ज्वेलर्स की दुकान पर लगभग आधा दर्जन सशस्त्र अपराधियों ने धावा बोलकर करीब 25 लाख रुपये के आभूषण लूट लिये। घटना से पूरे बाजार में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार सोमवार को अपराह्न करीब तीन बजे हथियारों से लैस करीब छह अपराधी बाइक से बसंतपुर थाना के समीप स्थित अरुण ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंचे। इनमें से चार अपराधी चेहरे ढके हुए दुकान के अंदर घुस गए। अपराधियों ने हथियार का भय दिखाते हुए दुकान में मौजूद लोगों को डराया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के सभी आभूषण थैले और बैग में भर लिए।

बताया जा रहा है कि अपराधियों ने दुकान की पूरी अलमारी खाली कर दी और करीब 25 लाख रुपये के आभूषण लेकर आराम से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई है। वहीं पुलिस विभाग के वरीय पदाधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की वारदात से व्यवसायियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma