home page

हथियार बंद बदमाशों ने दिनदहाड़े कैश वैन लूटा

 | 
हथियार बंद बदमाशों ने दिनदहाड़े कैश वैन लूटा


गाजियाबाद, 06 मई (हि.स.)। गाजियाबाद के थाना क्रासिंग रिपब्लिक क्षेत्र से हथियार बंद बदमाशों ने एटीएम मशीन में कैश भरने के लिए नकदी लेकर निकली वैन को लूट लिया। अज्ञात हमलावरों ने कैश वैन के कर्मियों को बंधक बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजकरण नय्यर ने बुधवार काे बताया कि क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एटीएम में नकदी भरने आई कैश वैन के चालक को गन प्वाइंट पर लेकर वैन लूटकर भाग गए। वैन में करीब 23 लाख रुपये नकदी रखी थी। बदमाश नकदी लूटकर कैश वैन को मसूरी थाना क्षेत्र स्थित डीएमई पर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने कैश वैन बरामद कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया कि इंडिया वन कंपनी की कैश वैन बुधवार दोपहर करीब एक बजे क्रॉसिंग रिपब्लिक के एचपी पेट्रोल पंप के नजदीक एटीएम में कैश भरने आए। सुरक्षाकर्मी और अन्य स्टॉफ कैश भरने एटीएम पर चले गये। इसी दौरान पैदल आए चार बदमाशों ने चालक को गन प्वाइंट पर नीचे उतारा और कैश वैन लूटकर भाग गए।

सुरक्षाकर्मी और स्टॉफ ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस ने नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया। घटनास्थल से करीब आठ किमी दूर मसूरी थाना क्षेत्र के कुशलिया गांव के सामने स्थित दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर बदमाश कैश वैन छोड़कर भाग गए।

मौके पर पहुंची पुलिस ने डीएमई से खाली कैश वैन बरामद कर ली है। हालांकि कैश वैन में रखे करीब 23 लाख रुपये बदमाश लेकर भाग गए हैं। डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि पूछताछ में वित्तीय संस्था इंडिया वन कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि सुबह वह करीब 25 लाख रुपये लेकर एटीएम में भरने के लिए चले थे।

तीन अन्य एटीएम में कैश डाल चुके हैं। कंपनी से रिकार्ड मांगा गया है। धनराशि के रिकॉर्ड की जांच करने के बाद ही लूटी गई नकदी के बारे में सही जानकारी हो पाएगी। फिलहाल बदमाशों की धरपकड़ के लिए आठ टीम गठित की गई हैं। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी