सोलन में शिकार के दौरान चली गोली से मौत, आरोपी गिरफ्तार
सोलन, 01 मई (हि.स.)। सोलन जिले के अर्की क्षेत्र में जंगल में शिकार के दौरान चली गोली से एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 29 अप्रैल की है। गांव जमरोटी निवासी राहुल ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसे कमलजीत का फोन आया, जिसमें बताया गया कि उसके पिता लक्ष्मीकांत को जंगल में चोट लग गई है। सूचना मिलने के बाद राहुल अपने परिचित भगत राम के साथ मौके पर पहुंचा, जहां उसके पिता घायल अवस्था में जमीन पर पड़े थे। उनके शरीर के पीछे बाईं ओर कुल्हे के पास गोली लगी थी और काफी खून बह चुका था।
परिजन तुरंत लक्ष्मीकांत को अर्की अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम की मदद से सबूत जुटाए। शव का पोस्टमार्टम शिमला के आईजीएमसी में करवाया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लक्ष्मीकांत और रणजीत सिंह जंगल में शिकार के लिए गए थे। इसी दौरान रणजीत सिंह का पैर फिसल गया, जिससे उसकी बंदूक से अचानक गोली चल गई और वह लक्ष्मीकांत को जा लगी, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी रणजीत सिंह (62) को को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश किया जा रहा है। सोलन के पुलिस अधीक्षक साईं दत्तात्रेय ने बताया कि पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

