राजगढ़ः टेलीग्राम पर निवेश के नाम पर 2.04 लाख की ठगी, आरोपित असम से गिरफ्तार
राजगढ़, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना पुलिस ने टेलीग्राम पर निवेश के बदले अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर युवक से 2 लाख 4 हजार 320 रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपित को असम से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 2 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। वहीं एमआरएम पोर्टल के माध्यम से ठगी की शेष राशि भी पीड़ित को वापस कराई गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल.बंजारे ने मंगलवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि 27 जुलाई को ग्राम खेड़ी पोलखेड़ा निवासी घनश्याम (27) पुत्र बापूलाल वर्मा ने माचलपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि टेलीग्राम के माध्यम से अज्ञात व्यक्ति ने निवेश पर अधिक मुनाफा देने का झांसा दिया और अलग-अलग तरीके से उससे कुल दो लाख चार हजार 320 रुपये जमा करा लिए। इसके बाद उसे न तो मुनाफा मिला और न ही निवेश की रकम वापस हुई। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 318(4)बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने साइबर विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित अब्दुल रसीद (30) पुत्र मोहम्मद अक्कास निवासी ग्राम अमलासी, थाना भटडवा, जिला नौगांव (असम) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 2 लाख रुपये नकद जब्त किए गए। शेष 4,320 रुपये एमआरएम पोर्टल के माध्यम से पीड़ित को वापस कराए गए। एसडीओपी खिलचीपुर धर्मवीर सिंह नागर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी आदित्य सोनी, एसआई राहुल सेंधव,आर.ब्रजेश देसाई,राहुल राजपूत सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। आरोपित से पूछताछ कर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि टेलीग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अधिक मुनाफे का लालच देने वाली निवेश योजनाओं से सावधान रहें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

