हरदा में महिला सब-इंजीनियर की संदिग्ध मौत, घर में मिला शव
मध्य प्रदेश, 23 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सिद्धि विनायक कॉलोनी में एक महिला सब-इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह किराए के मकान में अकेली रह रही थीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
सोमवार सुबह जिला अस्पताल में तीन डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमॉर्टम किया। इसके बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग में पदस्थ ज्योति महोबिया के रूप में हुई है। वे मूल रूप से बैतूल जिले के पाडर की रहने वाली थीं और तलाकशुदा थीं। पिछले कुछ समय से हरदा में पदस्थ थीं। उनकी नियुक्ति साल 2014 में पीएचई विभाग में हुई थी। वह आठ साल से हरदा कार्यालय में अटैच थीं। और करीब एक साल पहले ही उन्हें हरदा में स्थायी पदस्थापना मिली थी।
एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि शनिवार शाम को ही ज्योति अपने गांव से हरदा लौटी थीं। उन्हें छोड़कर उनके भाई वापस चले गए थे। रविवार को परिजनों द्वारा फोन पर संपर्क नहीं हो पाने पर पड़ोसियों को सूचना दी गई। इसके बाद मकान मालिक और पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खोला गया, जहां वे कमरे में पलंग पर अचेत अवस्था में मिलीं। तत्काल अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका ज्याेति पूर्व में भी 6 अगस्त 2025 को जहरीली दवा खाकर आत्महत्या की कोशिश कर चुकी थीं। उस समय उन्हें बेहोशी की हालत में पहले जिला अस्पताल और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ही सामने आएगा।
फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मकान की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतका ने कोई नोट या अन्य दस्तावेज छोड़ा है या नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

