home page

चौकता पंचायत का वार्ड सदस्य निकला जाली नोट कारोबार का सरगना,2.17 लाख रूपये के जाली नोट के साथ हुआ गिरफ्तार

 | 
चौकता पंचायत का वार्ड सदस्य निकला जाली नोट कारोबार का सरगना,2.17 लाख रूपये के जाली नोट के साथ हुआ गिरफ्तार


अररिया 06 अक्टूबर(हि.स.)। जिले में जोकीहाट प्रखंड के चौकता पंचायत का वार्ड सदस्य 36 वर्षीय मो पनाउल्लाह उर्फ पनबुल जाली नोट का कारोबारी निकल है । जिले की महलगांव थाना पुलिस ने उसे 2.17 लाख रूपये के पांच सौ के जाली नोट के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से पांच सौ रूपये के कुल 434 जाली नोट बरामद किए गए है। जानकारी मंगलवार शाम को एसपी जितेन्द्र कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

एसपी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस को यह गुप्त सूचना मिली थी कि महलगांव थाना क्षेत्र के इसरवा गांव में जाली नोट का कारोबार होता है और यह कारोबार स्थानीय स्तर पर चौकता पंचायत का वार्ड सदस्य मो पनाउल्लाह उर्फ पनबुल संचालित करने का काम करता है। सूचना पर महलगांव थाना पुलिस के द्वारा बरढेंगा गांव स्थित उनके कामत पर छापेमारी की गई । छापेमारी के दौरान मो.पनाउल्लाह उर्फ पनबुल पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की,जिसे पुलिस ने खदेड़कर पकड़ते हुए जब तलाशी की तो उनके कामत से पांच सौ के कुल 434 जाली नोट पकड़े गए।

एसपी ने बताया कि मामले में महलगांव थाना में कांड संख्या 194/26 धारा 179,180,3(5) बीएनएस की धारा के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है और पुलिस इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालने में जुट गई है। एसपी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि पूछताछ के क्रम में आरोपी ने बताया कि यह जाली नोट पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से आया था और वह जाली नोट के नेटवर्क में काम करता है।एसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पूर्व भी मो पनाउल्लाह उर्फ पनबुल चोरी के समान की बरामदगी के मामले में जेल जा चुका है और इसके खिलाफ महलगांव थाना में कांड दर्ज है।एसपी ने छापेमारी दल में शामिल टीम को प्रशस्ति पत्र और अवार्ड देकर सम्मानित करने की बात कही।

छापामारी दल में महलगांव थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार,अपर थानाध्यक्ष राजू कुमार,एसआई रोमा कुमारी,एएसआई प्रेम कुमार,सिपाही रंजीत कुमार और होमगार्ड के जवान सदानंद यादव शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर