दो सौ से अधिक खाताधारियों का पैसा लेकर चंपत हुआ माइक्रो फाइनेंस कंपनी समृद्धि
अररिया 21 अप्रैल(हि.स.)।
फारबिसगंज के कटहरा स्थित एक भवन में चल रहे समृद्धि माइक्रो फाइनेंस कंपनी दो सौ से अधिक खाताधारियों का पैसा लेकर चंपत हो गया।जब इसकी जानकारी खाताधारियों को प्राप्त हुआ तो मंगलवार को कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया जिसके बाद फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बलों के साथ मौके पर पहुंचकर कार्यालय के कुछ दस्तावेजों और समानों को जब्त कर थाना लाई।
मौके पर मौजूद सीजिया देवी,अयूब,नौशाद,मंजर,मुश्ताक आदि ने बताया कि कुछ दिन पहले ही समृद्धि माइक्रो फाइनेंस के नाम से यहां कार्यालय खुला था जहां तीन कर्मी कार्य कर रहे थे।ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों को आत्मनिर्भर बनाने को लेकर समूह के रूप में 60 हजार रूपये का लोन देने को लेकर खाता खुलवाना शुरू किया था। जिसके लिए प्रति व्यक्ति दो हजार रूपये के दर से लेकर खाता खुलवाया था।
कंपनी के कर्मचारी खाता खुलने के बाद 60 हजार रूपये नगद या फिर 60 हजार रूपये मूल्य के समान मिलने का वादा किया था,जिसको लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के द्वारा समूह के रूप में या फिर व्यक्तिगत तौर पर दो हजार रूपये लिया था।जिसके बदले में उनलोगों को लोन लेने हेतु एक खाता नुमा कार्ड दिया गया था। जिसमें नाम पता के साथ तस्वीर लगा हुआ है।इनलोगों ने बताया कि समृद्धि माइक्रो फाइनेंस कंपनी का पंजीकृत कार्यालय खाता में पश्चिम बंगाल के हुगली जिला के उत्तरपुरा के कोनेपुर स्थित बोसाई पश्चिम का पता है।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने मौजूद लोगों के समझा बुझाकर शांत कराया और लिखित आवेदन देने को कहा।
मामले को लेकर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि सूचना पर वे मौके पर पहुंचे थे।अभी तक किसी के द्वारा कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।लिखित आवेदन के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

