home page

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गए पुलिस टीम पर हमला

 | 
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गए पुलिस टीम पर हमला


अररिया 13 जून(हि.स.)।

फारबिसगंज के रामपुर उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या 11 में बीती रात्रि 2019 के कांड संख्या 407 के आरोपी मो. मोइद को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया और गिरफ्तार मो. मोइद को पुलिस के चंगुल से मुक्त कराकर भगा दिया।

पुलिस पर किए गए हमले में तीन दरोगा सहित कुल पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।जिनका इलाज फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल और सदर अस्पताल में कराया गया।पुलिस पर हमले की जानकारी मिलने के फौरन बाद फारबिसगंज एसडीपीओ राजकुमार मौके पर पहुंचकर पुलिस पर हमला करने वाले हमलावरों का शिनाख्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

मामले में फारबिसगंज थाना में डेढ़ दर्जन नामजद और एक सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ कांड दर्ज किया गया है।मामले की जानकारी फारबिसगंज थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष सह अपर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने दी।

मामले को लेकर बताया गया कि 2019 के कांड संख्या 407/2019 के हत्या के प्रयास धारा 307 के फरार आरोपी रामपुर उत्तर वार्ड संख्या 11 निवासी मो. मोइद पिता मो.मुस्तकीम को गिरफ्तार करने के लिए देर रात पुलिस टीम गई थी।पुलिस टीम ने घर के आगे बने दुकान से इस दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।लेकिन अचानक दर्जनों की संख्या में उनके सहयोगियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।जिसमें फारबिसगंज थाना के दरोगा आशुतोष मिश्रा,अमित राज,विजय कुमार सहित दो पुलिस बल के जवान घायल हो गए।

हमले में बिहार होमगार्ड के जवान रामदेव सिंह और हरि मोहन साह बुरी तरह जख्मी हो गया।भीड़ पुलिस टीम पर हमला कर गिरफ्तार आरोपी मो. मोइद को पुलिस की चंगुल से छुड़ाकर भगा दिया।

पुलिस टीम पर हमला की सूचना के बाद फारबिसगंज एसडीपीओ राजकुमार फारबिसगंज थाना के प्रभारी अपर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य पुलिस बलों के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावरों का शिनाख्त करते हुए दो को गिरफ्तार किया।पुलिस पर हमले के आरोपी गिरफ्तार दो आरोपितों में रामपुर उत्तर वार्ड संख्या 11 के मो.शाहिद पिता हाजी लतीफ और दूसरा शाहनवाज पिता मो. सत्तार है।

मामले को लेकर फारबिसगंज एसडीपीओ राजकुमार ने बताया कि अन्य नामजद हमलावरों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।जल्द ही अज्ञात लोगों का शिनाख्त कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर