home page

गंभीर रूप घायल युवक की इलाज के क्रम में मौत,प्रेम प्रसंग में पिटाई कर हत्या का परिजनों का आरोप

 | 
गंभीर रूप घायल युवक की इलाज के क्रम में मौत,प्रेम प्रसंग में पिटाई कर हत्या का परिजनों का आरोप


अररिया, 25 फरवरी(हि.स.)।

जिले के बौसी थाना क्षेत्र में गंभीर रूप से घायल मिले युवक की इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। परिजनों ने प्रेम प्रसंग के चलते लड़की के परिजनों पर पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाया है।

मंगलवार शाम को नरपतगंज के डुमरिया वार्ड संख्या 12 निवासी संजय दास के 18 वर्षीय पुत्र अमर कुमार दास घायल अवस्था में मिला था,जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।लेकिन उनकी नाजुक हालत देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया था। हायर सेंटर भागलपुर ले जाने के क्रम में ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।मृतक इंस्ट्राग्राम पर हुए प्यार में प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर पहुंचा था,जहां परिजनों ने देख उसकी जमकर पिटाई कर दी थी और बेहोशी हालत में सड़क के किनारे झाड़ी में फेंक दिया था।

मृतक नरपतगंज थाना क्षेत्र के डुमरिया वार्ड संख्या 12 निवासी संजय दास के 18 वर्षीय पुत्र अमर कुमार दास है,जो बीए पार्ट 2 का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा तथा तीन बहनों में इकलौता भाई था।

परिजनों ने बताया कि मंगलवार दोपहर को अमर एक हजार रुपये लेकर फारबिसगंज कॉलेज के लिए निकला था। जानकारी के अनुसार, अमर बौसी थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। जहां प्रेमिका के परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे देख लिया। उन्होंने अमर को घेरकर जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय थाना पुलिस ने उसे तुरंत रानीगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल रेफर किया गया।

अररिया सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया। पूर्णिया में भी स्थिति गंभीर बनी रहने पर उसे भागलपुर रेफर किया गया, लेकिन भागलपुर ले जाते समय रास्ते में ही अमर कुमार दास की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर नरपतगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत युवक के परिजनों से जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के मामा शंकर दास ने घटना को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार रात 8 बजे उनके जीजा के फोन पर सूचना मिली कि अमर गंभीर हालत में रानीगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती है। जब उन्होंने जांच की तो बौसी थाना के एक अधिकारी ने बताया कि युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला है।

परिजन रानीगंज के लिए निकले, लेकिन बीच में ही सूचना मिली कि पेशेंट को अररिया सदर अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचकर उन्होंने देखा कि अमर की हालत बेहद खराब थी, ऐसा लग रहा था जैसे वह मर चुका हो। डॉक्टरों ने आगे ले जाने की सलाह दी।पूर्णिया होते हुए भागलपुर जाते समय रास्ते में मौत हो गई। शंकर दास ने आरोप लगाया कि उनके भांजे को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया।

मामले को लेकर बौसी थाना अध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि लड़का लड़की का मामला था। उसी में लड़का यहां आया था मिलने के लिए। इस दौरान लड़की के परिजन व आसपास के लोगों के द्वारा मारपीट की गई थी। फिलहाल परिजनों के द्वारा आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर