मामा को हत्या के मामले में फंसाने के लिए साहिद ने की थी मनसा बाग की हत्या, घटनास्थल के पुनर्निर्माण में हुआ खुलासा
हुगली, 06 नवंबर (हि. स.)। हुगली जिले के आरामबाग में मनसा बाग हत्याकांड को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपित शेख साहिद ने अपने मामा को हत्या के मामले में फंसाने की साजिश के तहत मनसा बाग की हत्या कर उनका दाहिना हाथ कलाई से काट लिया था। घटनास्थल पर वारदात का पुनर्निर्माण कराने के दौरान शुक्रवार को आरोपित ने पुलिस के सामने पूरी साजिश का खुलासा किया।
गत 23 जून को आरामबाग के चांदुर जंगल से स्थानीय निवासी मनसा बाग का शव बरामद किया गया था। शव का दाहिना हाथ कलाई से कटा हुआ था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की जांच में जुटी आरामबाग पुलिस ने कई बार नमूनों की जांच कराई। अंततः पुलिस ने चंडीतला स्थित एक निर्माणाधीन मकान से मृतक का कटा हुआ हाथ बरामद किया। इसके बाद इस मामले में स्थानीय युवक शेख साहिद को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में साहिद ने बताया कि उसका अपने मामा शेख बिल्टू के साथ विवाद हुआ था। मामा द्वारा गाली-गलौज किए जाने के बाद वह उनसे बदला लेने की योजना बना रहा था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर चांदुर जंगल में हुई हत्या की घटना के बारे में जानकारी मिलने पर उसने अपने मामा को फंसाने की साजिश रची।
आरोपित के बयान के मुताबिक, वह बस से चांदुर पहुंचा और शिकार की तलाश में जंगल में इंतजार करने लगा। इसी दौरान अकेले मिले बुजुर्ग मनसा बाग के सिर पर उसने ईंट से वार किया। इसके बाद चाकू से कई वार कर उनकी हत्या कर दी। फिर उनका दाहिना हाथ कलाई समेत काटकर चंडीतला स्थित अपने मामा के निर्माणाधीन मकान में छिपा दिया, ताकि पुलिस को वहां से हाथ मिलने पर उसके मामा पर शक हो।
घटनास्थल के पुनर्निर्माण के दौरान आरोपित ने पुलिस के सामने इन घटनाओं को स्वीकार किया।
इस खुलासे से मृतक के परिजन स्तब्ध हैं। उनका कहना है कि दो लोगों के आपसी विवाद और बदले की साजिश में एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई। परिवार ने आरोपी के लिए कड़ी सजा की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

