स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
सुपौल, 23 जून (हि.स.)। जिले के डगमारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को 4.13 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक व्यक्ति मादक पदार्थ की तस्करी में संलिप्त है। सूचना के सत्यापन के बाद तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने डगमारा चौक और ठेहो चौक के बीच एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया।
इस दौरान युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।तलाशी के दौरान युवक के पास से 4.13 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ (स्मैक) बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान डगमारा थाना क्षेत्र के ठेहो आनंदपुर निवासी विकास कुमार यादव के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष धनेश्वर मंडल ने बताया कि बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। कांड संख्या 43/26 अंकित कर आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के लिए सुपौल न्यायालय भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में एएसआई अमरेश कुमार सहित पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

