home page

जिले के बेनीपुर नगर परिषद में नक्शा पास कराने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप

 | 

दरभंगा, 02 नवंबर (हि.स.)।

जिले के बेनीपुर नगर परिषद में भवन निर्माण का नक्शा पास कराने के नाम पर कथित अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में सोशल मीडिया पर भी कई पोस्ट और आलेख प्रसारित हो रहे हैं। बाबा नागार्जुन स्मृति मंच के अध्यक्ष ऋषभ कुमार, सचिव हंसिका कश्यप सहित अन्य लोगों ने अलग-अलग आवेदन देकर नगर परिषद के लेखापाल नित्यानंद मिश्र के विरुद्ध लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

आवेदकों के अनुसार, नगर परिषद क्षेत्र में नक्शा पास कराने के नाम पर कई लोगों से मोटी रकम कथित रूप से ली गई, लेकिन राशि देने के बावजूद संबंधित लोगों के नक्शे अब तक स्वीकृत नहीं हुए हैं। विशेष रूप से हिंद हॉस्पिटल तथा बलहा चौक के आसपास के कुछ लोगों से लाखों रुपये लिए जाने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इस मामले से संबंधित बैंक खातों के लेन-देन का विवरण, कॉल रिकॉर्डिंग और संदेश जैसे साक्ष्य उनके पास उपलब्ध हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और प्रशासनिक जांच अभी बाकी है।

आवेदकों ने प्रशासन से प्राप्त शिकायतों की तत्काल निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जांच पूरी होने तक नियमानुसार लेखापाल को नक्शा स्वीकृति से संबंधित कार्यों से अलग रखने की मांग की है। इसके अतिरिक्त उनकी संपत्ति और आय के स्रोतों की भी सक्षम प्राधिकारी से जांच कराने का आग्रह किया गया है।

कुछ आवेदकों ने चेतावनी दी है कि यदि नगर प्रशासन समय रहते उचित कार्रवाई नहीं करता है तो वे आगामी 7 नवंबर को जिलाधिकारी कार्यालय, दरभंगा पहुंचकर संबंधित दस्तावेज, बैंक लेन-देन का विवरण, कॉल रिकॉर्डिंग और संदेशों के साथ लिखित शिकायत सौंपेंगे तथा निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra