home page

हैदराबाद में आईटी प्रोफेशनल से 76 हजार रुपये की ठगी, व्हाट्सएप कॉल से बनाया शिकार

 | 
हैदराबाद में आईटी प्रोफेशनल से 76 हजार रुपये की ठगी, व्हाट्सएप कॉल से बनाया शिकार


हैदराबाद, 07 अप्रैल (हि.सं.)। हैदराबाद में साइबर अपराधियों ने एक आईटी प्रोफेशनल को व्हाट्सएप कॉल के जरिए ठगी का शिकार बनाते हुए 76 हजार रुपये उड़ा लिए। यह मामला शहर के वनस्थीपुरम् इलाके का है।

पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, पीड़ित कसूला साईं दीपक एक अमेरिकी सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत हैं। सोमवार दोपहर करीब 1:45 बजे उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक कॉल आया, जिसमें उनके एक सहयोगी की फोटो लगी हुई थी। कॉल करने वाले ने खुद को उनका सहकर्मी बताते हुए इमरजेंसी में फ्लाइट टिकट बुक कराने के लिए तत्काल क्रेडिट कार्ड की जानकारी मांगी।

दीपक ने जब इस बारे में पूछा तो आरोपित ने बताया कि वह मीटिंग में व्यस्त है। भरोसा दिलाने के लिए उसने मीटिंग की एक तस्वीर भी भेजी। सहयोगी की फोटो और बातों पर विश्वास करते हुए दीपक ने अपने क्रेडिट कार्ड की डिटेल्स साझा कर दीं और ओटीपी भी मैसेज के जरिए बता दिया।

इसके तुरंत बाद उनके मोबाइल पर दो ट्रांजेक्शन के मैसेज आए। पहला 26,200 रुपये और दूसरा 49,800 रुपये का। इस तरह कुल 76,000 रुपये की ठगी हो गई।

जब क्रेडिट कार्ड की लिमिट खत्म हो गई, तब दीपक को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने व्हाट्सएप चैट चेक की तो पाया कि सभी मैसेज डिलीट किए जा चुके थे। आगे जांच करने पर सामने आया कि कॉल जिस नंबर से आया था, वह उनके सहयोगी का नहीं बल्कि एक अज्ञात नंबर था, जिसमें केवल प्रोफाइल फोटो उनके सहकर्मी की लगी हुई थी।

घटना के बाद दीपक ने तुरंत अपने बैंक को सूचित कर क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराया और वनस्थलीपुरम् पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। साथ ही साइबर सेल पोर्टल पर भी इसकी जानकारी दी।

वनस्थलीपुरम् थाने के सर्किल इंस्पेक्टर एस. रवि बाबू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस बैंक के साथ मिलकर ट्रांजेक्शन को रोकने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर अपनी बैंकिंग या कार्ड से जुड़ी जानकारी साझा न करें, चाहे सामने वाला कितना भी भरोसेमंद क्यों न लगे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj