home page

अनूपपुर: युवक ने नाना-नानी और मां की डंडे से पीटकर की हत्या, चार घायल

 | 
अनूपपुर: युवक ने नाना-नानी और मां की डंडे से पीटकर की हत्या, चार घायल


अनूपपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमोदा गांव में शनिवार सुबह एक युवक ने अपने नाना-नानी और मां की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने मामा और उनकी दो बेटियों समेत चार लोगों पर भी हमला किया। घायलों को उपचार के लिए शहडोल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय प्रेम सिंह गोंड अपनी मां अनूपिया बाई के साथ कुछ समय से अमोदा गांव में अपने नाना-नानी के घर रह रहा था। पुलिस ने उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया है। मृतकों में 75 वर्षीय नाना संपत सिंह गोंड, 70 वर्षीय नानी भन्नी बाई गोंड और 50 वर्षीय मां अनूपिया बाई शामिल हैं। बताया गया कि शुक्रवार रात करीब 1 से 2 बजे के बीच प्रेम सिंह ने गांव के मंदिर के पुजारी गंगा सिंह पर भी हमला किया था। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर हाथ-पैर बांध दिए थे। उसे वहीं बैठाकर रखा गया था।

शनिवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच अनूपिया बाई ने बेटे को शांत समझकर उसके हाथ-पैर की रस्सियां खोल दीं। इसके बाद प्रेम सिंह ने पास रखा डंडा उठाकर नाना-नानी और मां पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपने मामा और उनकी दो बेटियों पर भी डंडे से हमला किया। घटना में चार लोग घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल शहडोल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शवों का पंचनामा तैयार कर पाेस्मार्टम के लिए भेजा।फिलहाल पुलिस ने आराेपित हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे