home page

अनूपपुर: धनगवां के पास तेज बाइक से गिरी युवती को अज्ञात वाहन ने कुचला, युवक घायल

 | 
अनूपपुर: धनगवां के पास तेज बाइक से गिरी युवती को अज्ञात वाहन ने कुचला, युवक घायल


अनूपपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना से 7 किलोमीटर दूर धनगवां गांव के पास बुधवार की शाम करीब 6 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां बाइक से नीचे गिरी लगभग 25 वर्षीय युवती का सिर किसी अज्ञात वाहन के नीचे आ जाने से कुचल गया। युवती की मौके पर मौत हो गई। वहीं युवक भी गिरकर घायल हो गया।

घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अभिरक्षा में लेते हुए घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी में भर्ती कराया, जहां कुछ समय बाद पुलिस युवक को पूछताछ के लिए थाना परिसर ले आई। हालांकि युवक पुलिस को अभी भ्रामक जानकारी दे रहा है, जिससे पुलिस असंतुष्ट होकर फिलहाल पुलिस हवालात में बंद कर दी है।

थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय ने बताया कि मृत युवती की पहचान लगभग 25 वर्षीय रोशनी धुर्वे पुत्री गोपाल दास धुर्वे निवासी लपटा थाना जैतहरी अनूपपुर के रूप में की गई है। युवक अपना नाम अमित कुमार चौधरी पुत्र रामू चौधरी 29 वर्ष, निवासी चर्चेडी धरहर बिलासपुर छत्तीसगढ़ बताया है।

प्रारंभिक पूछताछ में युवक धूमने आने की बात कह रहा है। वहीं युवक घटना कैसे हुई पर सही जानकारी नहीं दे रहा है, कभी वह लड़की द्वारा बाइक चलाने की बात कह रहा है तो कभी कैसे गिरा उसकी जानकारी उसे नहीं है कि बात कह रहा है। वहीं घटना स्थल पर स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक तेज रफ्तार में आ रही थी, जहां दोनों किस कारण में गिरे कोई देख नहीं पाया। संभवतः बाइक से गिरने के बाद युवक दूर फिसलता जा गिरा वहीं युवती बीच सड़क पर ही गिर गई, जहां गिरने के दौरान पीछे या सामने से आ रही कोई भारी वाहन युवती के सिर को कुचलता चला गया।

फिलहाल पुलिस शव को सुरक्षित स्वास्थ्य केंद्र के मर्चुरी में रखवाते हुए मृतिका के परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस का कहना है कि युवक घटना के बाद बदहवास है, इसलिए कल सुबह पूछताछ की जाएगी, तबतक मृतका के परिजन भी आ जाएंगे जिससे तथ्यों की सही जानकारी सामने आ सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला