कन्नौज: अधिवक्ता हत्याकांड में कांग्रेस नेता के पिता और बेटी गिरफ्तार
कन्नौज , 14 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में कन्नाैज जिले के छिबरामऊ में अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार को दो और गिरफ्तारियां की हैं। दिवाली की शाम अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या करने के आरोपित कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित के पिता अवध बिहारी दीक्षित और उनकी बेटी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि पुलिस ने शनिवार दोपहर करीब एक बजे अमोल दीक्षित के पिता अवध बिहारी दीक्षित निवासी मोहल्ला इब्राहिमगंज को पश्चिमी बाईपास के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक लाइसेंसी बंदूक, 12 बोर के 12 कारतूस, 315 बोर का एक तमंचा, पांच कारतूस और 7.65 एमएम के 20 कारतूस बरामद हुए है।
काेतवाल ने बताया कि हत्याकांड की विवेचना के दौरान अमोल दीक्षित की 18 वर्षीय बेटी की भूमिका सामने आने पर उसे भी आरोपित बनाया गया था। पुलिस ने उसे भी इब्राहिमगंज में जीटी रोड के पास से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपिताें को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

