home page

दस माह में 700 करोड़ की ड्रग्स जब्त, एएनटीएफ ने बनाया नया रिकॉर्ड

 | 
दस माह में 700 करोड़ की ड्रग्स जब्त, एएनटीएफ ने बनाया नया रिकॉर्ड


राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने 34 एमडी फैक्ट्री ध्वस्त कीं, 84 बड़े तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया

जोधपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। महज 10 माह में 700 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के अवैध मादक पदार्थ जब्त कर एएनटीएफ ने राजस्थान पुलिस के इतिहास में नया रिकॉर्ड बनाया है। पिछले पूरे वर्ष में एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब 850 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए गए थे, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा 1000 करोड़ रुपए के पार जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में राज्यभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती नहीं, बल्कि राजस्थान को वर्ष 2029 तक नशामुक्त बनाने का लक्ष्य भी है।

अभियान के दौरान एएनटीएफ ने अब तक 360 किलोग्राम से अधिक अफीम जब्त की है। जालोर से 81 किलो, भीलवाड़ा से 50 किलो, सीकर से 20 किलो तथा हरियाणा के सिरसा में करीब 100 किलो अफीम की बरामदगी जैसी बड़ी कार्रवाई भी की गई। साथ ही अवैध अफीम की खेती के खिलाफ भी व्यापक अभियान चलाया गया।

एएनटीएफ ने राज्यभर में 34 एमडी (मेफेड्रोन) फैक्ट्रियों को ध्वस्त किया है। इनमें से 27 मामले इसी वर्ष सामने आए, जबकि 10 फैक्ट्रियों का खुलासा स्वयं एएनटीएफ ने किया। जोधपुर ग्रामीण के बालेसर क्षेत्र में एक फैक्ट्री पर कार्रवाई के दौरान 176 किलोग्राम एमडी बरामद की गई थी और पुलिस व तस्करों के बीच फायरिंग भी हुई थी। पिछले वर्ष पूरे राजस्थान में करीब 70 किलो एमडी जब्त हुई थी, जबकि इस बार अकेले एएनटीएफ ने 185 किलो से अधिक एमडी जब्त करने में सफलता हासिल की है।

अवैध मादक पदार्थों की खेती पर भी एएनटीएफ ने रिकॉर्ड कार्रवाई की है। विभिन्न अभियानों के तहत उदयपुर में 50 बीघा में गांजे और 300 बीघा में अफीम की खेती का खुलासा किया गया। इसके अलावा राजसमंद, झालावाड़, भीलवाड़ा, बीकानेर, भरतपुर, प्रतापगढ़, चित्तौडग़ढ़, झुंझुनूं, करौली और जयपुर सहित कई जिलों में कार्रवाई की गई।

एएनटीएफ ने पांच केंद्रीय एजेंसियों और पांच राज्यों की पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर नशा तस्करी के नेटवर्क पर प्रहार किया। मध्यप्रदेश, गुजरात, तेलंगाना, हरियाणा और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में भी संयुक्त कार्रवाई कर तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई के दौरान नशा तस्करी के 84 बड़े सरगनाओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इनमें कई ऐसे अपराधी शामिल हैं, जिन पर 25 हजार से लेकर एक लाख रुपए से अधिक तक के इनाम घोषित थे और जो वर्षों से फरार चल रहे थे। इनकी गिरफ्तारी के लिए राजस्थान पुलिस ने आठ राज्यों में विशेष अभियान चलाए।

महानिरीक्षक विकास कुमार ने आमजन से भी अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या अन्य अपराध संबंधी कोई भी सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम के फोन 0141-2502877 अथवा व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश