home page

एक माह में दूसरी बार शिवलिंग क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में आक्रोश

 | 

बांदा, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव में अराजकतत्वों ने एक बार फिर कोदऊआ बाबा स्थान को निशाना बनाया। गुरुवार देर रात अराजकतत्वों ने यहां पुलिस की ओर से स्थापित कराए गए शिवलिंग को खंडित कर दिया। शुक्रवार सुबह पूजा-अर्चना करने पहुंचे ग्रामीणों ने शिवलिंग की स्थिति देखी तो उनमें आक्रोश फैल गया। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों के मुताबिक, कोदऊआ बाबा स्थान पर करीब सौ वर्षों से भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित थी। बीती 16 अक्टूबर को अराजकतत्वों ने प्राचीन प्रतिमा को खंडित कर कुएं में फेंक दिया था। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई थी। पुलिस ने मामले को शांत कराने के लिए मंदिर का कायाकल्प कराते हुए उसी स्थान पर शिवलिंग स्थापित कराया था। इसके बाद ग्रामीण नियमित रूप से पूजा-अर्चना करने लगे थे।हालांकि, पहली घटना के बाद से ही खंडित की गई प्राचीन प्रतिमा का कोई पता नहीं चल सका और न ही घटना का खुलासा हो पाया।

अब उसी स्थान पर दोबारा शिवलिंग खंडित किए जाने से ग्रामीणों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी नाराजगी है। लगातार दूसरी घटना से हिंदू संगठनों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष सीपी तिवारी ने बताया है की जांच के बाद जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह