संशोधित : मालदा में पुलिस ने बरामद किया करोड़ों की नशीली कफ सिरप और ब्राउन शुगर
(हेडिंग में संशोधन के साथ पुनः जारी)
मालदा, 20 मई (हि. स.)। इंग्लिश बाजार थाना पुलिस ने बुधवार को दो अलग-अलग अभियानों में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 19 मई को सदुल्लापुर इलाके में नाका चेकिंग के दौरान इंग्लिश बाजार थाना पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 25 बोरियों में भरी कुल सात हजार 500 बोतल “एस्कफ” कफ सिरप बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, बरामद कफ सिरप में कोडीन फॉस्फेट और ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड पाया गया, जिसे मादक पदार्थ की श्रेणी में रखा जाता है।
बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 16.80 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने कफ सिरप और वाहन को जब्त कर लिया तथा कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित मोहम्मद मबूद अली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितमालदा जिले के कालियाचक थाना अंतर्गत मिर्जापुर, सैयदपुर का निवासी बताया गया है। उसे पुलिस रिमांड की मांग के साथ अदालत में पेश किया गया।
एक अन्य अभियान में, इंग्लिश बाजार थाना की पुलिस ने एनएच-12 पर गौर मालदा स्टेशन के पास संदिग्ध रूप से घूम रहे एक महिला और एक पुरुष को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपितों के पास मौजूद एक नायलॉन बैग में रखे तीन परत वाले टिफिन बॉक्स से छह पैकेट ब्राउन शुगर बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, बरामद ब्राउन शुगर का कुल वजन 619 ग्राम है। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर पदार्थ के मादक होने की पुष्टि हुई। आरोपित इसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने इस मामले में सफेदा बीबी उर्फ सफेदा खातून और तौफिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों मामलों में इंग्लिश बाजार थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

