एंटी करप्शन टीम ने दरोगा को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा
बहराइच, 28 अप्रैल (हि.स.)। एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को मोतीपुर थाने में तैनात एसआई सुरेश चंद्र को दस हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी थाने के मुख्य द्वार के निकट से की गई है। एसआई की गिरफ्तारी के बाद आरोपित को नानपारा कोतवाली लाया गया, यहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा पंजीकृत कराया गया है।
प्राप्त सूचना के अनुसार आरोपित एसआई एक मुकदमे में नाम निकालने हेतु दस हजार रुपये की मांग की थी। जिसकी शिकायत अवधेश कुमार ने एंटी करप्शन टीम से किया था। एंटी करप्शन की देवीपाटन मंडल की टीम को शिकायत मिली कि मोतीपुर थाने में तैनात एसआई सुरेश चंद्र गिरि एक मुकदमे में नाम निकालने और जेल न भेजने के लिए अवैध रकम की मांग कर रहे हैं। मोतीपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी अवधेश ने इसकी शिकायत टीम से की थी। शिकायत के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और मोतीपुर थाने के मुख्य द्वार के पास एक चाय की दुकान पर जैसे ही एसआई ने घूस की रकम ली, टीम ने उन्हें दबोच लिया।
निरीक्षक धनंजय सिंह ने पूरे ऑपरेशन को लीड किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपित एसआई से टीम ने पूछताछ शुरू कर दी है।
मामले में थानाध्यक्ष आनन्द चौरसिया ने बताया कि जानकारी मिली है कि सुरेश चन्द्र गिरि को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

