home page

एएनटीएफ का सुपर संडे: छह नशा तस्कर गिरफ्तार

 | 
एएनटीएफ का सुपर संडे: छह नशा तस्कर गिरफ्तार


जयपुर, 14 जून (हि.स.)। राजस्थान पुलिस के मादक पदार्थ विरोधी कार्यबल (एएनटीएफ) ने रविवार को राज्यभर में नशा तस्करों के खिलाफ एक साथ छह बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर बड़ा प्रहार किया। एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 92 लाख रुपए मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं, जबकि 6 तस्करों को गिरफ्तार कर 3 वाहन जब्त किए गए हैं।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन तथा महानिरीक्षक पुलिस (एएनटीएफ) विकास कुमार की निगरानी में चलाए गए विशेष अभियान के तहत भीलवाड़ा, करौली, बाड़मेर, उदयपुर और नागौर जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई।

आईजी एएनटीएफ विकास कुमार ने बताया कि विभिन्न स्थानों पर की गई कार्रवाई में 517 किलोग्राम डोडा चूरा, 139 हरे गांजे के पौधे, गांजा, स्मैक और अफीम बरामद की गई। जब्त मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 92 लाख रुपए आंकी गई है।

आईजी एएनटीएफ विकास कुमार ने बताया कि सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाले अधिकारियों और जवानों को एएनटीएफ मुख्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एएनटीएफ ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें मादक पदार्थों की तस्करी या नशे के कारोबार से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या एएनटीएफ को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश