home page

छह जिलों में एएनटीएफ का ‘सिक्सर’: 424 किलो से अधिक मादक पदार्थ जब्त डोडा पोस्त

 | 
छह जिलों में एएनटीएफ का ‘सिक्सर’: 424 किलो से अधिक मादक पदार्थ जब्त डोडा पोस्त


जयपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। ‘नशा मुक्त राजस्थान-2029’ अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने शनिवार को प्रदेश के छह जिलों में एक साथ कार्रवाई कर नशा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया। बाड़मेर, जालोर, नागौर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में की गई छह अलग-अलग कार्रवाइयों में 424 किलो से अधिक डोडा पोस्त, अफीम, एमडीएमए और एमडी बरामद किए गए। कार्रवाई में सात आरोपिताें को गिरफ्तार करने के साथ चार वाहन जब्त किए गए। बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 65 लाख रुपए बताई गई है।

एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई के साथ नशे की मांग कम करने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

बाड़मेर में 248 किलो डोडा पोस्त के साथ वांछित तस्कर पकड़ा

बाड़मेर के नागाणा थाना क्षेत्र में एएनटीएफ की सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में 248 किलो 550 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। मौके से किआ कार जब्त कर अशोक कुमार पुत्र आईदानराम (37), निवासी अम्बावाड़ी शिव, हाल कवास को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपित काउखेड़ा क्षेत्र से डोडा पोस्त लेकर गुजर रहा है। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार दिखाई देने पर चालक ने वाहन वापस मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया। तलाशी में कार से काले प्लास्टिक कट्टों और कपड़े के बोरों में भरा डोडा पोस्त मिला।

पूछताछ में आरोपित के पूर्व में भी डोडा पोस्त तस्करी से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। वह मेवाड़ और मध्यप्रदेश से मादक पदार्थ लाकर मारवाड़ में सप्लाई करने वाले तस्करों के संपर्क में था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी तस्करी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं और कुछ मामलों में वह फरार चल रहा था।

जालोर में दो कारों से 105 किलो डोडा पोस्त बरामद

जालोर के आहोर थाना क्षेत्र में एएनटीएफ ने दो स्विफ्ट कारों से 105 किलो 720 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। कार्रवाई में दोनों वाहन जब्त कर खीयाराम और गौतम, दोनों निवासी बाकलसर, बाड़मेर को गिरफ्तार किया गया।

एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि दोनों कारें मध्यप्रदेश के मनासा से मादक पदार्थ लेकर जालोर के रास्ते बाड़मेर जा रही हैं। टीम ने पीछा करते हुए कानिवाड़ा क्षेत्र में नाकाबंदी की। पुलिस को देखकर चालकों ने भागने का प्रयास किया। स्टॉप स्टिक की मदद से एक कार रोकी गई, जबकि दूसरी तेज गति के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। दोनों वाहनों से लोग निकलकर झाड़ियों की ओर भागे, लेकिन पीछा कर दो आरोपिताें को पकड़ लिया गया। एक आरोपित गौतम के चोट लगने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

नागौर में मकान से 44 किलो डोडा पोस्त बरामद

नागौर के श्रीबालाजी थाना क्षेत्र के रातड़ी गांव में एएनटीएफ की सूचना पर पुलिस ने चोखाराम के मकान पर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान कमरे से तीन काले प्लास्टिक कट्टे, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और मिक्सी मिली। कट्टों की जांच में डोडा पोस्त चूरा और छिलका बरामद हुआ। पुलिस ने 44 किलो 274 ग्राम डोडा पोस्त जब्त कर चोखाराम पुत्र मूलाराम (39) को गिरफ्तार किया।

भीलवाड़ा में बस का इंतजार कर रहा था तस्कर

भीलवाड़ा के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में सुखाड़िया सर्किल के पास कार्रवाई कर पुलिस ने 24 किलो 840 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। मौके से संदीप पुत्र बक्शी सिंह (29), निवासी फरीदकोट पंजाब, हाल कोटकपुरा को गिरफ्तार किया गया।

आरोपित दो बैग लेकर बस का इंतजार कर रहा था। घेराबंदी कर पकड़े जाने के बाद बैगों की तलाशी में डोडा पोस्त मिला। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित मध्यप्रदेश से मादक पदार्थ लेकर राजस्थान के रास्ते पंजाब पहुंचाता था और प्रत्येक चक्कर के करीब 10 हजार रुपए लेता था।

चित्तौड़गढ़ में अफीम और एमडीएमए बरामद

चित्तौड़गढ़ के गंगरार थाना क्षेत्र के कुरातिया गांव में एएनटीएफ की सूचना पर स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई की। तलाशी में 139.05 ग्राम अफीम और 5 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से देवीलाल पुत्र लक्ष्मण (50), निवासी कुरातिया को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया।

उदयपुर में स्कूटी सवार से एमडी मिली

उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र में गुउली से खेमली की ओर जाते समय एएनटीएफ टीम को सड़क किनारे एक व्यक्ति स्कूटी के साथ संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। टीम को देखते ही वह खेतों की ओर भागने लगा। पीछा कर उसे पकड़ने के बाद स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया गया।

तलाशी में कैलाश पुत्र खरताराम (30), निवासी ओड़वाडिया, थाना डबोक के पास से 5.73 ग्राम एमडी बरामद हुई। पुलिस ने एमडी के साथ उसकी स्कूटी भी जब्त कर ली।

एएनटीएफ की छह कार्रवाइयों में मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ इनके परिवहन और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपिताें से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थों के स्रोत और आगे की सप्लाई श्रृंखला से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के प्रयास जारी हैं

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश