home page

तीन जिलों में एएनटीएफ का ऑपरेशन: डोडा-चूरा, एमडीएमए और स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

 | 
तीन जिलों में एएनटीएफ का ऑपरेशन: डोडा-चूरा, एमडीएमए और स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार


तीन जिलों में एएनटीएफ का ऑपरेशन: डोडा-चूरा, एमडीएमए और स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार


जयपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने चित्तौड़गढ़, जोधपुर और नागौर में कार्रवाई करते हुए करीब दो करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ, अवैध हथियारों का जखीरा, चोरी की लग्जरी गाड़ियां और नकदी बरामद की है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि चित्तौड़गढ़ में पुलिस दबिश के दौरान तस्कर फरार हो गए। पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के निर्देशन में स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी क्षेत्र में एएनटीएफ और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भैंसों के तबेले पर छापा मारकर 72 कट्टों में भरा 12 क्विंटल 71 किलो 730 ग्राम डोडा-चूरा बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है। मौके से दो स्कॉर्पियो-एन, एक टाटा सफारी, एक 12 बोर दोनाली बंदूक, एक पंप एक्शन गन और 47 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए।

जांच में सामने आया कि मध्यप्रदेश से डोडा-चूरा लाकर मेवाड़ क्षेत्र में सप्लाई करने वाला गिरोह माल को पहले सुरक्षित ठिकानों पर छिपाता था और बाद में आगे भेजता था। पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एस्कॉर्ट वाहन चलते थे तथा नाकाबंदी मिलने पर तस्कर होटलों या सुरक्षित ठिकानों में रुक जाते थे। एएनटीएफ ने देसूरी की नाल, उदयपुर, प्रतापगढ़, भीम और देवगढ़ मार्गों पर रणनीतिक रूप से 7-8 स्थानों पर नाकाबंदी कर तस्करों को भ्रमित किया। इसी दौरान दूसरी टीम ने तबेले पर दबिश देकर बड़ी खेप बरामद कर ली। पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गए। वहीं बरामद वाहनों की जांच में सामने आया कि टाटा सफारी पर ग्वालियर की बुलेट मोटरसाइकिल का नंबर लगाया गया था, जबकि वाहन मई में दिल्ली से चोरी हुआ था और उसका पंजीकरण अरुणाचल प्रदेश का था। एक स्कॉर्पियो-एन के नोएडा से चोरी होने की आशंका है, जबकि दूसरी स्कॉर्पियो-एन के इंजन और चेसिस नंबर घिसे मिले हैं। पुलिस का मानना है कि तस्कर मुठभेड़ की स्थिति में हथियारों का इस्तेमाल कर फरार होने की तैयारी में रहते थे।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि जोधपुर के माता का थान क्षेत्र में प्रेमनगर रेलवे फाटक के पास खड़ी एक ऑल्टो कार की तलाशी में 91 ग्राम एमडीएमए और 42 ग्राम डोडा-चूरा बरामद किया गया। पुलिस ने बीरबल विश्नोई (28) और मांगीलाल विश्नोई (21) को गिरफ्तार किया है।

इसके अलावा नागौर शहर में रोडवेज बस स्टैंड के पीछे गवारियों के मोहल्ले में बाइक से स्मैक बेचने की सूचना पर एएनटीएफ और कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई कर अनिल प्रजापत (32) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 9.88 ग्राम स्मैक, 15,050 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और बाइक बरामद की गई।

आईजी विकास कुमार ने कहा कि इन कार्रवाइयों से प्रदेश में सक्रिय संगठित मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। चित्तौड़गढ़ पुलिस के साथ मिलकर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने सफल कार्रवाई करने वाली टीमों को सम्मानित करने की घोषणा करते हुए आमजन से अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी सूचना के लिए एएनटीएफ कंट्रोल रूम या व्हाट्सएप पर जानकारी दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश