home page

एएनटीएफ ने गुजराज से दबोचा 67 हजार का इनामी हवाला कारोबारी, नशा तस्करों की काली कमाई पहुंचाता था ठिकाने

 | 
एएनटीएफ ने गुजराज से दबोचा 67 हजार का इनामी हवाला कारोबारी, नशा तस्करों की काली कमाई पहुंचाता था ठिकाने


जालोर, 01 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने ऑपरेशन गुणशंठार के तहत मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े हवाला नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 67 हजार रुपये के इनामी आरोपित को गुजरात के पाटण से गिरफ्तार किया है। आरोपित नशा तस्करों की अवैध कमाई को हवाला (अंगड़िया) नेटवर्क के जरिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने और इसके बदले कमीशन लेने का काम करता था।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान ठाकर रमणलाल पुत्र नर्मदाशंकर (62) निवासी राजनगर सोसायटी टीबी क्रॉस रोड पाटण (गुजरात) के रूप में हुई है। वह लंबे समय से सांचौर में हवाला कारोबार संचालित कर रहा था। जांच में सामने आया कि वह मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध रकम को हवाला चैनल के माध्यम से सप्लायरों और खरीददारों तक पहुंचाता था। इस दौरान रकम के वास्तविक स्रोत और प्राप्तकर्ता की पहचान छिपाकर तस्करों की आर्थिक गतिविधियों को गुप्त रखने में अहम भूमिका निभाता था।

मामले में नाम सामने आने के बाद आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए सांचौर छोड़कर अपने गृह नगर पाटण में छिपकर रह रहा था। एएनटीएफ की टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। तकनीकी सूचनाओं के आधार पर उसके ठिकाने की पुष्टि होने के बाद टीम ने उसे पकड़ने के लिए विशेष रणनीति बनाई।

आरोपित तक पहुंचने के लिए एएनटीएफ की टीम बिजली विभाग के कर्मचारियों के वेश में उसके घर पहुंची। बिजली का मीटर लगाने के बहाने दरवाजा खुलवाया गया। बाहर आए व्यक्ति से मीटर किसके नाम पर लगाया जाना है, यह पूछने पर उसने अपना नाम रमणलाल बताया। पहचान की पुष्टि होते ही टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

आईजीपी विकास कुमार ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी पर 67 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस सफल कार्रवाई में एएनटीएफ की विभिन्न टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अभियान में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों को एएनटीएफ मुख्यालय जयपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित