एएनटीएफ का एक्शन: आठ तस्कर गिरफ्तार
जयपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने शनिवार को प्रदेश के सात जिलों में एक साथ कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा), डोडा पोस्त, गांजा और एमडी सहित भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए। संयुक्त कार्रवाई में आठ तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त एक कार और तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं।
एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के निर्देशन में श्रीगंगानगर, पाली, उदयपुर, डीग, बाड़मेर, हनुमानगढ़ और बीकानेर में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया। सफल कार्रवाई करने वाली टीमों को एएनटीएफ मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा।
पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि एएनटीएफ ने कार्रवाई करते हुए श्रीगंगानगर (सूरतगढ़ सदर) में पंजाब के फाजिल्का निवासी राजसिंह (28) को 40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं पाली (सदर) में नाकाबंदी के दौरान पीछा कर सुभाष सियाक (24) को गिरफ्तार किया गया। उसकी कार से 45.700 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ और कार जब्त कर ली गई। उदयपुर (मांडवा) में प्रकाश (24) और वीरेंद्र सिंह (22) को दो मोटरसाइकिलों सहित गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
डीग (कुम्हेर) में राजवीर सिंह उर्फ राजू (50) को 2.015 किलोग्राम गांजा और मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया गया। बाड़मेर (सदर) के गालाबेरी गांव में खेत की झाड़ियों में छिपाकर रखा गया 5.500 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हनुमानगढ़ (संगरिया) में नाकाबंदी के दौरान भाग रहे रमेश कुमार (37) को पकड़कर उसके पास से 6.27 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई।
इसके अलावा बीकानेर (जयनारायण व्यास कॉलोनी) में अशोक कुमार (43) और सुरेंद्र (19) को 9.54 ग्राम एमडी ड्रग के साथ गिरफ्तार किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

