home page

एएनटीएफ की चित्तौड़गढ़ में दो कार्रवाई, 1.215 किलो अफीम व 5.60 किलो डोडा चूरा पकड़ा

 | 
एएनटीएफ की चित्तौड़गढ़ में दो कार्रवाई, 1.215 किलो अफीम व 5.60 किलो डोडा चूरा पकड़ा


चित्तौड़गढ़, 04 जून (हि.स.)। एएनटीएफ टीम ने जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। टीम ने 1.215 किलोग्राम अवैध अफीम और 5.60 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद कर एक कार भी जब्त की है।

एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि पहली कार्रवाई बस्सी थाना क्षेत्र में की गई। एएनटीएफ टीम को आसूचना मिली कि बस्सी थाना क्षेत्र के सरहद नगरी आम रोड पर एक व्यक्ति संदिग्ध वस्तु के साथ बैठा है। पुख्ता सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और बताए हुलिए के व्यक्ति को घेराबंदी कर दबोच लिया। स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया गया। तलाशी में आरोपित के पास से 1.215 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम जब्त कर आरोपित राधेश्याम पुत्र बंशीलाल सालवी, उम्र 30 साल, निवासी आवलहेड़ा थाना बस्सी को गिरफ्तार कर लिया।

दूसरी कार्रवाई में एएनटीएफ को सूचना मिली कि रोलाहेड़ा पुलिया से थोड़ा आगे वीर तेजाजी होटल के सामने संदिग्ध हुंडई आई-20 कार खड़ी है, जिसमें मादक पदार्थ होने की संभावना है। टीम ने डॉग स्क्वाड के साथ मौके पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस को बुलाया। पुलिस और टीम को देख कर होटल संचालक घबरा गया। उसने अपना नाम छगनलाल बताया। डॉग स्क्वाड का डॉग कार के पास पहुंचते ही जोर-जोर से भौंकने लगा और कार पर पंजे मारने लगा। पूछताछ में होटल संचालक ने कार में डोडा चूरा होना कबूल किया। उसने बताया कि वह होटल पर आने वाले ट्रक चालकों को डोडा चूरा बेचता है। तलाशी में कार से 5.60 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने डोडा चूरा और कार जब्त कर आरोपित छगनलाल पुत्र मोहनलाल तेली, निवासी कांकरवा थाना भूपालसागर को गिरफ्तार कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल