कोडीन कफ सिरप रैकेट में एक और मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार
कानपुर, 03 मार्च (हि.स.)। कोडीनयुक्त कफ सिरप मामले में क्राइम ब्रांच और हनुमंत विहार पुलिस ने एक और मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ करीब चार महीने पहले मुकदमा दर्ज हुआ था। तभी से वह फरार चल रहा था। इससे पहले पुलिस मेडिकल स्टोर संचालक विनोद अग्रवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस उपायुक्त अपराध श्रवण कुमार सिंह ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर खुलासा करते हुए बताया कि बीते पांच नवम्बर 2025 को हनुमंत विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत औषधि निरीक्षक ने अवैध रूप से कोडिंग युक्त सिर्फ मामले में नई बस्ती निवासी मेसर्स सिसोदिया मेडिसिन हाउस ग्राउंड फ्लोर अर्रा रोड के मालिक विशाल सिंह सिसोदिया को मुख्य आरोपित बनाया था। इसके बाद क्राइम ब्रांच की चली चार महीने की जांच के बाद विशाल भूमिगत हो गया था। इस दौरान पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपित ने अपनी फर्म से कोडीन युक्त प्रतिबंधित सिरप की भारी मात्रा में खरीद-फरोख्त की थी।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित ने विभिन्न तारीखों में बड़ी मात्रा में कोडिंग युक्त औषधि की भी खरीदारी की थी। विशेष रूप से इधिका लाइफ साइंसेज लखनऊ से 5250 बोतल फैंसीपिक- टी सिरप खरीदा था। जिससे संबंधित कोई भी पुख्ता दस्तावेज नहीं मिले थे। इसके अलावा अन्य स्रोतों से कुल 10,500 बोतल कोडीन युक्त औषधि की खरीदारी की पुष्टि हुई थी।
जांच के दौरान प्रतिष्ठान बंद पाया गया। साथ ही बाद में आरोपित द्वारा क्रय-विक्रय अभिलेख स्टॉक रजिस्टर एवं बिल वाउचर भी नहीं दिखाए गए। जिससे यह साबित हुआ की औषधि का विक्रय जानबूझकर नियमों का उल्लंघन करते हुए एवं तथ्यों को छुपा कर किया गया। पुलिस ने मेडिकल स्टोर की आड़ में अवैध रूप से कोडीन युक्त सिरप बेचने वाले आरोपित विशाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक लैपटॉप मोबाइल समेत अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। इस लैपटॉप का उपयोग फर्जी बिल तैयार करने एवं अभिलेखों में हेर-फेर के लिए किया जाता था। बरामद डिजिटल उपकरणों को पुलिस ने जांच के लिए भेज दिया है। जबकि आरोपित को गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

