वीरपुर में बाइक लूटकांड का एक और आरोपी गिरफ्तार, घटना में इस्तेमाल बाइक भी बरामद
सुपौल, 11 जून (हि.स.)। जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में बीते 29 मई को हुई बाइक लूट की वारदात के मामले में पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। गुरुवार को कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही लूट की घटना में इस्तेमाल की गई एक बाइक भी बरामद की गई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि कांड संख्या 84/26 के तहत मुजफ्फरा गांव निवासी साजिद अली के 19 वर्षीय पुत्र इब्राहिम अंसारी उर्फ नुनु को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसे वीरपुर-कोरिया मार्ग पर स्थित मंठ के समीप बीच सड़क से दबोचा। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही वारदात में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त कर ली गई है। मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की गई थी, जिसके बाद लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में इससे पहले भी दो आरोपियों को लूटी गई बाइक के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

