home page

अंकित त्रिवेदी हत्याकांड का चौथा आरोपित भी गिरफ्तार

 | 
अंकित त्रिवेदी हत्याकांड का चौथा आरोपित भी गिरफ्तार


कानपुर, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में पिछले महीने लापता हुए वार्ड बॉय अंकित त्रिवेदी की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को फरार चल रहे चौथे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि रुपये लूटने की साजिश के तहत अंकित की हत्या कर शव गंगा नदी में फेंक दिया गया था।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि चकेरी निवासी विष्णुचंद त्रिवेदी ने 17 अप्रैल को अपने बेटे अंकित त्रिवेदी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अंकित बाराबंकी के सिधौर ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वार्ड बॉय के पद पर तैनात था। 16 अप्रैल की शाम ड्यूटी से लौटने के बाद वह दोस्त के साथ फतेहपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

जांच के दौरान पुलिस को अंकित की कार फतेहपुर के हथगांव इलाके में लावारिस हालत में मिली। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले की परतें खोलनी शुरू कीं। जांच में सामने आया कि रेहान, शादाब, अल्तमश और सत्यम मिश्रा ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस पहले ही रेहान, शादाब और अल्तमश को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। वहीं फरार चल रहे मुख्य आरोपित सत्यम मिश्रा को शुक्रवार को उन्नाव के बारासगवर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सत्यम ने बताया कि अंकित उसका परिचित था और सरकारी नौकरी के चलते उसके खाते में अच्छी रकम रहती थी। इसी लालच में उसे फंसाकर रुपये लूटने की योजना बनाई गई थी।

साजिश के तहत अंकित को कार से फतेहपुर ले जाया गया। रास्ते में सुनसान इलाके में गाड़ी रुकवाकर पहले उससे मोबाइल और बैंकिंग संबंधी जानकारी मांगी गई। विरोध करने पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई। बाद में शव को बोरे में भरकर गंगा नदी में फेंक दिया गया, जबकि कार को लावारिस हालत में छोड़कर सभी फरार हो गए।

हत्या के बाद सभी कानपुर पहुंचे और फिर मुंबई भाग गए थे। लगातार दबिश के बाद सत्यम वापस अपने घर लौटा, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप