home page

धार : अनियंत्रित कार मकान और दुकान में घुसी, चार घायल; दो गंभीर रेफर

 | 
धार : अनियंत्रित कार मकान और दुकान में घुसी, चार घायल; दो गंभीर रेफर


धार, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के धार जिले के गंधवानी क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे स्थित मकान और दुकान में जा घुसी। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बड़वानी जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार हादसा ब्लॉक कॉलोनी घाटी के समीप बालवाड़ी मार्ग पर हुआ। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर राजेश बरनाला के मकान की दीवार तोड़ते हुए उनकी दुकान में घुस गई।

बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग मनावर निवासी थे और बलवारी हनुमान मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल गंधवानी अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में घायल कैलाश बुंदेला (51) और चंद्र सिंह चौहान (60), निवासी मनावर, को गंभीर हालत में बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं पूजा बाई (30) और जानकीबाई (65) का उपचार गंधवानी अस्पताल में जारी है।

गंधवानी थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi