बलरामपुर : पिकअप से पशु तस्करी करते दो आरोपित गिरफ्तार
बलरामपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। जिले के बसंतपुर पुलिस ने पिकअप वाहन में क्रूरता पूर्वक पशुओं की तस्करी कर उत्तर प्रदेश ले जा रहे दो आरोपितों को बुधवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन से तीन भैंसों को भी बरामद किया है। मामले में छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
बलरामपुर पुलिस द्वारा आज गुरुवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 7 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 61 बीटी 8960 में पशुओं को भरकर उत्तर प्रदेश के बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना गेट के सामने नाकाबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन में तीन भैंसों को ठूंस-ठूंसकर भरकर ले जाया जाना पाया गया। पुलिस ने वाहन चालक और उसके साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमन यादव (20), निवासी मुर्तीखुर्दन, थाना सिधौरा, जिला बलरामपुर (उत्तर प्रदेश) तथा साहिल कुमार (20), निवासी पहाड़पुर हलधर दौलतपुर, थाना सैदपुर, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1-घ) के तहत अपराध दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपितों को आज गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीष साहू, प्रधान आरक्षक विनोद सागर और आरक्षक विवेक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

