home page

आवास न मिलने से नाराज युवक ने ग्राम प्रधान को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

 | 
आवास न मिलने से नाराज युवक ने ग्राम प्रधान को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा


रंगदारी और मारपीट का मुकदमा दर्ज

हमीरपुर, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शनिवार को मौदहा विकास खंड कार्यालय से लौटकर अपने रिश्तेदार के घर बैठे बक्छा गांव के प्रधान जगतपाल सिंह पर हमला हुआ है। आरोप है कि गांव के ही एक पूर्व जिलाबदर अपराधी निकेश सिंह ने मौदहा के मराठीपुरा मोहल्ले में प्रधान को घेर लिया।

आरोपित का कहना था कि प्रधान का कार्यकाल खत्म होने वाला है और उसे अब तक पीएम आवास योजना का लाभ नहीं मिला, इसलिए प्रधान उसे मुआवजे के तौर पर 01 लाख 20 हजार रुपये दे। इंकार करने पर आरोपित ने प्रधान पर थप्पड़ों की बौछार कर दी। चीख-पुकार सुनकर बचाने आई महिला रिश्तेदार के साथ भी आरोपित ने गाली-गलौज की। पीड़ित प्रधान ने सीओ मौदहा को शिकायती पत्र देकर अपनी जान का खतरा बताया है। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि आरोपित के खिलाफ रंगदारी और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा