home page

आक्रोशित ग्रामीणों ने ग्राम सभा का बहिष्कार कर मुखिया को बंधक बनाया

 | 
आक्रोशित ग्रामीणों ने ग्राम सभा का बहिष्कार कर मुखिया को बंधक बनाया


सहरसा, 27 सितंबर (हि.स.)।जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के सोनपुरा पंचायत के पंचायत भवन में रविवार को आयोजित ग्राम सभा के दौरान वार्ड संख्या 8 और 9 में जलजमाव की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने ग्राम सभा का बहिष्कार कर पंचायत के मुखिया रामविलास तांती को पंचायत भवन के मुख्य द्वार में ताला जर दिया और करीब चार घंटे तक रोककर विरोध प्रदर्शन किया।

ग्रामीण सड़क एवं नाला निर्माण नहीं होने से जलजमाव की समस्या दूर नहीं होने का आरोप लगा रहे थे। आरोप है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम सभा का बहिष्कार करते हुए मुखिया को पंचायत भवन में रोक लिया और उनके विरुद्ध विरोध प्रदर्शन किया।

घटना की सूचना मिलने पर बलवाहाट थाना पुलिस पंचायत भवन पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे और मुखिया को मुक्त करने के लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद बीडीओ मोहन कुमार सिंह एवं सर्किल इंस्पेक्टर निवास कुमार पंचायत भवन पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब चार घंटे बाद मुखिया को मुक्त कराया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार