अंडाल में गृहवधू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पति फरार
पश्चिम बर्दवान, 05 सितंबर (हि.स.)।
पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल थाना क्षेत्र अंतर्गत खांद्रा पंचायत के मायरा इलाके में शनिवार सुबह एक गृहवधू का शव घर के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद से मृतका का पति फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान तारा देवी भुइयां के रूप में हुई है। उनका शव मायरा डिपो पाड़ा स्थित घर से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद अंडाल थाना क्षेत्र के उखड़ा फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तारा देवी की दो शादियां हुई थीं। पहले पति से अलग होने के बाद उन्होंने तपन डोम नामक व्यक्ति से दूसरी शादी की थी। तपन के ईसीएल की एक खदान में कार्यरत होने की जानकारी सामने आई है।
तारा देवी की पहली शादी से दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है और वह परासकोल इलाके में रहती है, जबकि छोटी बेटी अपनी बड़ी बहन के साथ रहती है।
शनिवार सुबह घर के अंदर शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के बाद से मृतका के पति तपन डोम का कोई पता नहीं चल रहा है।
पड़ोसियों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण तथा पति की संभावित भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही फरार बताए जा रहे पति की तलाश और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

