अंडाल में ईसीएल के परित्यक्त आवास से भारी मात्रा में आग्नेयास्त्र और कारतूस बरामद
पश्चिम बर्दवान, 09 अगस्त (हि.स.)।
पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल थाना क्षेत्र में एक मंदिर के पास ईसीएल ( ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड ) के परित्यक्त कर्मचारी आवास से पुलिस ने बड़ी संख्या में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। शनिवार रात हुई इस कार्रवाई में 15 आग्नेयास्त्र और 56 राउंड कारतूस जब्त किए गए। पुलिस अब इस हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले खैरुल आलम चौधरी और शमशेर हुसैन नामक दो हथियार कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया था। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस को अंडाल के परासकोल इलाके में पद्मावती मंदिर के पास स्थित ईसीएल के एक परित्यक्त कर्मचारी आवास में हथियार छिपाकर रखे जाने की जानकारी मिली।
इसके बाद शनिवार रात अंडाल थाना क्षेत्र में पुलिस ने उक्त परित्यक्त आवास पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से चार 9 एमएम पिस्तौल, सात .32 बोर पिस्तौल, एक .38 रिवॉल्वर और तीन पाइपगन बरामद किए गए। इसके अलावा 56 राउंड कारतूस भी जब्त किए गए।
जुलाई में हुई थी पहली गिरफ्तारी
एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक, इस मामले की जांच जुलाई में शुरू हुई थी। जमुड़िया के केंदा बेलबाद बस स्टैंड से खैरुल नामक युवक को गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से दो अवैध आग्नेयास्त्र बरामद हुए थे। खैरुल पांडवेश्वर के डालूर बांध इलाके का रहने वाला बताया गया है।
पूछताछ के दौरान एसटीएफ अधिकारियों को उसके एक बड़े अंतरराज्यीय हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिली। इसी जांच के आधार पर इस महीने की शुरुआत में रांची से शमशेर नामक एक अन्य हथियार कारोबारी को गिरफ्तार किया गया।
बिहार और झारखंड तक फैले तार
एसटीएफ अधिकारियों का प्रारंभिक अनुमान है कि इस हथियार तस्करी गिरोह के तार बिहार और झारखंड तक फैले हो सकते हैं।
जांचकर्ताओं को संदेह है कि पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के अलावा कई अन्य लोग भी शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस बरामद हथियारों के स्रोत और उनके संभावित खरीदारों का पता लगाने के साथ-साथ गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

