प्राचीन दुर्गा मंदिर की प्रतिमा खंडित होने से ग्रामीणों में आक्रोश, आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगाया जाम
जौनपुर,18 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर स्थित जफराबाद थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा को खंडित किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। विरोध में ग्रामीणों ने जफराबाद-बेलाव मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब 200 वर्ष पुराना यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। गुरुवार सुबह लगभग 6:30 बजे गांव निवासी हरिओम पाठक ने मंदिर में प्रतिमा को सुरक्षित देखा था। करीब 8:30 बजे सखोई गांव निवासी उमेश अग्रहरि दर्शन के लिए पहुंचे तो प्रतिमा खंडित मिली। आरोप है कि अराजक तत्व प्रतिमा को मंदिर से हटाकर गोमती नदी किनारे फेंक गए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए और दोषियों की गिरफ्तारी तथा नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष जफराबाद मिथिलेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। सूचना मिलते ही सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता भी मौके पर पहुंचे उनके साथ जलालपुर थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह और गौराबादशाहपुर थानाध्यक्ष गंगाराम मिश्र भी मौजूद रहे। सीओ सिटी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि ग्राम प्रधान व ग्रामीणों के सहयोग से नई दुर्गा प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी तथा घटना में शामिल व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी बात कही। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

