home page

फैक्ट्री कर्मचारी से लूट करने वाला फरार बदमाश गिरफ्तार

 | 
फैक्ट्री कर्मचारी से लूट करने वाला फरार बदमाश गिरफ्तार


नई दिल्ली, 07 जून (हि.स.)। मध्य जिला पुलिस ने लूट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आनंद पर्वत थाना पुलिस ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 24 वर्षीय साहिल को गिरफ्तार किया है। आरोपित लूट के मामले में वांछित था और घटना के बाद से फरार चल रहा था।

मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने रविवार को बताया कि छह अप्रैल 2026 को आनंद पर्वत इलाके के राम धर्म कांटा के पास एक व्यक्ति से लूट की वारदात हुई थी। घटना की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को उस समय शिकायतकर्ता नहीं मिला। बाद में पता चला कि पीड़ित घटना के बाद सीधे अपने घर चला गया था और उसने ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कराई थी।

जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान राम धर्म कांटा के पास तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसका ओप्पो ए-12 मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

आठ अप्रैल को पुलिस ने पीड़ित का विस्तृत बयान दर्ज किया, जिसके आधार पर मामले में लूट की धारा जोड़ी गई और जांच तेज कर दी गई। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने 12 अप्रैल को एक आरोपित जय किशन को गिरफ्तार कर लिया था। उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया था। हालांकि वारदात में शामिल दूसरा आरोपित साहिल लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर था।

फरार आरोपित की तलाश के लिए आनंद पर्वत थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। टीम में एएसआई कृष्ण, हेड कांस्टेबल मोहसिन और कांस्टेबल रवि को शामिल किया गया। टीम ने आरोपित की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी और तकनीकी सर्विलांस के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

पांच जून को पुलिस को सूचना मिली कि वांछित आरोपित आनंद पर्वत इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाया और आरोपित साहिल को दबोच लिया। पूछताछ में उसके मामले में शामिल होने की पुष्टि हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपित अन्य आपराधिक मामलों में भी शामिल रहा है या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी