अवैध मादक पदार्थ गांजा समेत एक अंतर्राज्यीय आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 19 मार्च (हि.स.)। “ऑपरेशन निश्चय” के अंतर्गत अवैध मादक पदार्थों के परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में तिल्दा नेवरा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
18 मार्च 2026 को थाना तिल्दा नेवरा पुलिस को सूचना मिली कि, एक व्यक्ति रेलवे ओवरब्रिज के नीचे, तिल्दा क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ गांजा छिपाकर बिक्री हेतु ग्राहक की तलाश कर रहा है तथा उसके फरार होने की संभावना है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम प्रज्वल किसन हुके, निवासी आनंद नगर, जिला वर्धा (महाराष्ट्र) बताया। तलाशी लेने पर आरोपित के पास से एक सफेद रंग के झोलानुमा थैले में रखा हुआ कुल 2 किलो 267 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1,13,350 रुपये है, बरामद किया गया। आरोपित द्वारा उक्त गांजा को विशेष रूप से सिलाई कर पेट के ऊपर बांधकर कपड़ों से छिपाया गया था।
उक्त कृत्य अपराध पाए जाने पर आरोपित के विरुद्ध थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 120/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई। आरोपित को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेजा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

