home page

अमृतसर में पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, 4 बच्चों का छिना सहारा

 | 

चंडीगढ़, 16 अप्रैल (हि.स.)।

अमृतसर जिले के गांव भुल्लर में पुरानी रंजिश के चलते बीती देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर गांव के आसपास के ही रहने वाले हैं और उनका संबंध गैंगस्टर गतिविधियों से बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार मनजीत सिंह अपनी चिकन शॉप के बाहर कार में बैठे हुए थे। इसी दौरान हमलावर अचानक मौके पर पहुंचे और बिना किसी बातचीत के ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गंभीर रूप से घायल मनजीत सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिवारिक सदस्य मलकीत सिंह ने बताया कि यह मामला पुरानी दुश्मनी से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में भी आरोपितों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया था, लेकिन इसके बावजूद रंजिश खत्म नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने करीब 4 से 5 राउंड फायरिंग की, जिनमें से 3 गोलियां मनजीत सिंह को लगीं। घटना के समय करीब 7 से 8 लोग मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने पूरी वारदात देखी।

परिवार ने बताया कि मनजीत सिंह के 4 छोटे बच्चे हैं, जिनका अब सहारा छिन गया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH