ऑपरेशन चक्रव्यूह में 2.835 किलो गांजे के साथ युवक गिरफ्तार
अमेठी, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले की संग्रामपुर पुलिस ने बुधवार को एक युवक को 2.835 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक प्रतापगढ़ जिले का निवासी है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
संग्रामपुर थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि हथकिला-मिश्रौली संपर्क मार्ग पर स्थित स्वामी शतानंद पुजारी इंटर कॉलेज मिश्रौली के पास से प्रदीप सिंह (22) को गिरफ्तार किया। आरोपित प्रतापगढ़ जिले के कंधई थाना क्षेत्र के ताला गांव का निवासी है। उसके कब्जे से 2.835 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस अभियान में उपनिरीक्षक सौम्य कुमार जायसवाल, हेड कांस्टेबल लालमन यादव, कांस्टेबल संजय यादव और दीपेंद्र सिंह शामिल रहे। आरोपित का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में कंधई थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा संग्रामपुर थाने में भी वर्ष 2026 में इसी धारा में मुकदमा दर्ज है। पुलिस आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

