ऑपरेशन चक्रव्यूह में बड़ी सफलता: दाे करोड़ की स्मैक के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
अमेठी, 11 अप्रैल (हि.स.)। जनपद अमेठी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत मुसाफिरखाना कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो अंतरराज्यीय नशीले पदार्थ के तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2 करोड़ रुपये कीमत की अवैध स्मैक बरामद की है।
क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना मुसाफिरखाना पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वाराणसी की ओर से आ रही एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपित अजीत गुप्ता के पास से 150 ग्राम स्मैक तथा कार से 1100 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इस प्रकार कुल 1 किलो 250 ग्राम स्मैक बरामद की गई। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अजीत गुप्ता निवासी नावाडीह, थाना पथलगड्डा, जनपद चतरा (झारखंड) तथा सोनू कुमार साहू निवासी सजवी जोरी, थाना वशिष्ठ नगर, जनपद चतरा (झारखंड) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे झारखंड से स्मैक लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे और पुलिस से बचने के लिए लिंक मार्गों का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से स्मैक ढुलाई में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, दो मोबाइल फोन, 12 एटीएम/डेबिट कार्ड तथा 4750 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। वाहन के कागजात प्रस्तुत न करने पर उसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। इस मामले में थाना मुसाफिरखाना में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त सोनू कुमार साहू के विरुद्ध झारखंड में पूर्व से एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि यह अंतरराज्यीय गिरोह लम्बे समय से सक्रिय था और पुलिस इसके पूरे नेटवर्क एवं सप्लाई चेन की जांच में जुटी हुई है। जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे होने की सम्भावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

