home page

अमेठी : पुलिस मुठभेड़ में चार गौ तस्कर गिरफ्तार, एक काे लगी गाेली

 | 
अमेठी : पुलिस मुठभेड़ में चार गौ तस्कर गिरफ्तार, एक काे लगी गाेली


अमेठी, 05 नवंबर (हि.स.)। अमेठी जिले के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एसजेएस स्कूल के पास पुलिस और कथित गौकशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तसव्वर उर्फ छोटू उर्फ खुर्शीद के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी ने बताया कि गौरीगंज के काजीपट्टी के पास बृहस्पतिवार शाम गोवंश वध की तैयारी कर रहे आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गुवावां निवासी तसव्वर उर्फ छोटू उर्फ खुर्शीद के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक जीवित गोवंश, तमंचा, कारतूस, चापड़, तराजू-बांट, रस्सी और बाइक बरामद हुई है।

एसपी सरवणन टी ने आगे बताया कि गौरीगंज इंस्पेक्टर रवि सिंह बृहस्पतिवार देर शाम हाईवे पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि नहर के पास जंगल में कुछ लोग गोवंश को पेड़ से बांधकर वध की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वहां एक गोवंश बंधा मिला और चार आरोपी वध की तैयारी करते दिखाई दिए।

पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तसव्वर के पैर में गोली लग गई। इसके बाद भागने का प्रयास कर रहे अन्य तीन आरोपियों को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में जुम्मन पुत्र सिद्दीक उर्फ सद्दीक, वाजिद पुत्र वली मोहम्मद उर्फ मालिक उर्फ मोढे, दोनों निवासी ग्राम गुवावां थाना गौरीगंज तथा आरिफ पुत्र शरीफ निवासी बादल का पुरवा मजरे नरौली थाना गौरीगंज शामिल हैं। वहीं घायल आरोपी की पहचान तसव्वर उर्फ छोटू उर्फ खुर्शीद पुत्र महमूद निवासी ग्राम गुवावां थाना गौरीगंज के रूप में हुई है।

पुलिस ने मौके से गोकशी में इस्तेमाल होने वाला लकड़ी का ठीहा, चापड़, तराजू-बांट, रस्सी, तमंचा और कारतूस बरामद किए। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने छुट्टा मवेशियों को पकड़कर उनका वध करने के इरादे से आने की बात स्वीकार की है।

चारों आरोपियों को जिला अस्पताल जगदीशपुर ले जाया गया, जहां घायल तसव्वर का उपचार कराया गया। एसपी सरवणन टी ने बताया कि घायल आरोपी की हालत में सुधार है। पुलिस टीम पर हमला, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और पूर्व की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी