home page

अमेठी में दो शातिर चोर गिरफ्तार, पांच लाख के 21 मोबाइल और बैट्री बरामद

 | 
अमेठी में दो शातिर चोर गिरफ्तार, पांच लाख के 21 मोबाइल और बैट्री बरामद


अमेठी, 20 सितंबर (हि.स.)। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत संग्रामपुर थाना पुलिस ने रविवार को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 21 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक बैट्री बरामद की है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 05 लाख रुपये बताई गई है।

संग्रामपुर के थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कोरी पुत्र दुखी कोरी, निवासी ग्राम धौरहरा, थाना संग्रामपुर, अमेठी और गोकुल मिश्रा पुत्र हरिश्चन्द्र मिश्रा, निवासी कस्बा अठगंवा, थाना अंतू, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद बैट्री सहित तीन बैटरियां उन्होंने 13 अगस्त 2026 को मौहरिया भावलपुर में चंचल तिवारी के डंपर से चोरी की थीं। इनमें से दो बैटरियां बेच दी गईं, जबकि एक बैट्री पुलिस ने बरामद कर ली। इसके अलावा आरोपियों ने 17 सितंबर को धौरहरा बाजार से एक व्यक्ति की जेब से मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी गोकुल मिश्रा का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ थाना अंतू, प्रतापगढ़ में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों ने अन्य 20 मोबाइल फोन ट्रेन में पानी बेचने के दौरान और अलग-अलग स्थानों से चोरी करना बताया है। बरामद मोबाइल और बैट्री के संबंध में आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

मामले में थाना संग्रामपुर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी